किसानों को सालाना मिलते हैं 6000 रुपये, तीन किश्तों में आता है पैसा
देश के करोड़ों किसानों के लिए केंद्र सरकार की सबसे बड़ी योजनाओं में से एक है प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना। इस योजना के तहत पात्र किसानों को हर साल आर्थिक सहायता दी जाती है। अभी किसानों को साल भर में कुल 6000 रुपये मिलते हैं। यह पैसा एक साथ नहीं दिया जाता बल्कि 2000 रुपये की तीन किश्तों में सीधे किसानों के बैंक खातों में भेजा जाता है। इस बार अब किसानों को इस योजना की 24वीं किश्त का इंतजार है।
क्या 6000 से बढ़ाकर 9000 रुपये करने की तैयारी? उम्मीदों के बीच उठे सवाल
इसी बीच एक बार फिर यह चर्चा तेज हो गई है कि सरकार इस योजना के तहत मिलने वाली राशि को बढ़ाने जा रही है। लोग उम्मीद कर रहे हैं कि सरकार किसानों को मिलने वाली सालाना सहायता 6000 रुपये से बढ़ाकर 9000 रुपये कर सकती है। समय-समय पर किसान संगठन और कई लोग यह मांग करते हैं कि बढ़ती महंगाई को देखते हुए पीएम किसान योजना की राशि बढ़ाई जानी चाहिए। उनका कहना है कि आज खेती की लागत पहले से काफी बढ़ गई है। बीज, खाद, दवाई, डीजल और दूसरी जरूरी चीजों के दाम बढ़ने से किसानों पर खर्च भी बढ़ गया है। ऐसे में अगर सरकार इस योजना की राशि बढ़ा दे तो किसानों को कुछ और राहत मिल सकती है।
संसद में उठा मामला, शिवराज सिंह चौहान ने दिया लिखित जवाब
इस मुद्दे को संसद में भी उठाया गया।पीएम किसान योजना को लेकर लोकसभा में केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान से कई सवाल पूछे गए। केरल से कांग्रेस सांसद बेनी और सीपीआई के सांसद के राधाकृष्णन ने सरकार से पूछा कि क्या पीएम किसान सम्मान निधि योजना के तहत किसानों को मिलने वाली सालाना सहायता राशि 6000 रुपये से बढ़कर 9000 रुपये करने का कोई प्रस्ताव है? इस सवाल का जवाब केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने लिखित रूप में दिया है।
सरकार का साफ इनकार: फिलहाल कोई प्रस्ताव नहीं, 24वीं किस्त में भी 2000 रुपये
कृषि मंत्री ने अपने जवाब में साफ कहा कि फिलहाल सरकार के पास पीएम किसान सम्मान निधि योजना की राशि बढ़ाने का कोई प्रस्ताव नहीं है। यानी अभी इस योजना में किसी तरह का बदलाव नहीं किया जा सकता है। इसका मतलब है कि किसानों को पहले की तरह साल भर में कुल 6000 रुपये मिलेंगे और यह राशि 2000 रुपये की तीन किस्तों में उनके बैंक खातों में भेजी जाएगी। सरकार के इस जवाब के बाद साफ हो गया है कि फिलहाल पीएम किसान योजना की राशि बढ़ने वाली नहीं है। इसी लिए किसानों को 24वीं किस्त में पहले की तरह 2000 रुपये ही मिलेंगे।
अफवाहों पर न करें भरोसा, सरकार की आधिकारिक घोषणा का करें इंतजार
हालांकि भविष्य में अगर सरकार इस योजना में कोई बदलाव करती है या सहायता राशि बढ़ाने का फैसला लेती है तो उसकी अलग से आधिकारिक घोषणा की जाएगी। फिलहाल किसानों को किसी भी अफवाह या सोशल मीडिया पर चल रही गलत खबरों पर भरोसा नहीं करना चाहिए। योजना से जुड़ी सही जानकारी केवल सरकार की आधिकारिक घोषणा पर ही मानी जानी चाहिए।
Tags:
सरकारी योजनाएं

